एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल के संयुक्त रेस्क्यू अभियान में गंगा नदी के बीच टापू में फँसे व्यक्ति को सकुशल निकाला गया

श्याम टाइम्स देहरादूनl 20 जुलाई सोमवार को जिला कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि पशुलोक बैराज से पूर्व गंगा नदी के बीच बने एक टापू पर एक व्यक्ति फँसा हुआ है, जो हाथों से इशारा कर सहायता की गुहार लगा रहा है।

सूचना की जानकारी मिलते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने बिना विलंब संयुक्त रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। टीम राफ्ट के माध्यम से घटनास्थल पर पहुँची, जहाँ पाया गया कि संबंधित व्यक्ति टापू के दलदली हिस्से में फँसा हुआ था।

उक्त व्यक्ति रामझूला क्षेत्र से गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया था और बहते हुए पशुलोक बैराज से पूर्व बने टापू पर पहुँचकर दलदल में फँस गया। उसी दौरान घाट पर घूम रहे कुछ पर्यटकों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना जिला कंट्रोल रूम को दी।

एसडीआरएफ जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने अत्यंत सावधानी एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को सुरक्षित दलदल से बाहर निकाला तथा राफ्ट के माध्यम से किनारे लाकर सकुशल रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के उपरांत व्यक्ति को आवश्यक कार्रवाई  के लिए चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के लिए उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया।

रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान विनोद सिंह पुत्र तेज बहादुर, आयु लगभग 50 वर्ष, निवासी शीशम झाड़ी ,मुनि की रेती के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि वे परमार्थ निकेतन के पास भेलपुरी का ठेला लगाते हैं तथा रामझूला क्षेत्र में पैर फिसलने के कारण गंगा नदी में गिरकर तेज बहाव में बह गए थे, जिसके बाद वे टापू पर फँस गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!