

श्याम टाइम्स देहरादूनl 2 अक्टूबर को एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी जनपद देहरादून को कॉलर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चिल्लाड़ नामक स्थान पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम कांस्टेबल नवीन सिंह के हमराह तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम ने देखा कि वाहन संख्या UP37P6641 (फोर्ड कार) चकराता मोटर मार्ग से लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में कुल 03 व्यक्ति सवार थे, जिनमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दो व्यक्ति घायल अवस्था में वाहन के पास फंसे हुए थे।
घटनास्थल अत्यंत दुर्गम एवं गहरी खाई में होने के कारण रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण था। एसडीआरएफ जवानों द्वारा अत्यंत सावधानी एवं साहस के साथ खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टीम ने कठिन परिस्थितियों में काफी कड़ी मशक्कत करते हुए मृतक के शव तथा दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के उपरांत दोनों घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से CHC त्यूणी भेजा गया। मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।