सचिवालय महापड़ाव के दूसरे दिन हजारों मजदूरों ने किया सचिवालय कूच, सिटी मजिस्ट्रेट ने लिया ज्ञापन, शाम 4 बजे सीटू प्रतिनिधिमंडल की पांच सचिवों के साथ वार्ता का आश्वासन

श्याम टाइम्स देहरादून। मजदूरों, स्कीम वर्कर्स और विभिन्न श्रमिक यूनियनों की मांगों को लेकर उत्तराखंड राज्य कमेटी के आह्वान पर चल रहे तीन दिवसीय सचिवालय महापड़ाव के दूसरे दिन आज हजारों की संख्या में मजदूरों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजन माताओं, ठेका श्रमिकों तथा विभिन्न यूनियनों के साथी देहरादून में एकत्रित हुए।

महापड़ाव के दूसरे दिन परेड ग्राउंड से हजारों मजदूरों ने सचिवालय कूच किया। मजदूर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारे लगाते हुए सचिवालय की ओर आगे बढ़े। इस दौरान मजदूरों की प्रमुख मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और सीटू की ओर से ज्ञापन लिया। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा आश्वासन दिया गया कि आज शाम 4 बजे से पांच सचिवों के साथ सीटू के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की वार्ता आयोजित की जाएगी।
इस वार्ता में मजदूरों के साथ-साथ विभिन्न स्कीम वर्कर्स का प्रतिनिधित्व भी रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में आशा कार्यकर्ताओं, भोजन माताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, ताकि इन वर्गों की समस्याओं और मांगों को सीधे सरकार के समक्ष रखा जा सके।
सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बाद मजदूर वापस परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां महापड़ाव के तहत धरना और सभा सुचारू रूप से जारी रही।
महापड़ाव में मजदूरों ने सभी मजदूरों का न्यूनतम वेतन 42,000 किए जाने, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने, ठेका श्रमिकों का नियमितीकरण, श्रम संहिताओं को मजदूरों के पक्ष में संशोधित करने तथा केंद्र की श्रम संहिताओं को वापस लेने सहित अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
इसके साथ ही BOCW, EPF, ESI एवं न्यूनतम वेतन संबंधी सलाहकार बोर्डों में ट्रेड यूनियनों को प्रतिनिधित्व देने, बिजली संशोधन बिल वापस लेने, स्मार्ट मीटर के नाम पर लूट बंद करने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने, सड़क सुरक्षा अधिनियम वापस लेने तथा देहरादून सहित उत्तराखंड के सभी शहरों की बस्तियों को नियमित कर मालिकाना हक देने की मांग भी उठाई गई।
महापड़ाव में प्रमुख रूप से रहे मौजूद
महापड़ाव के दूसरे दिन सीटू के राष्ट्रीय सचिव के. एन. उमेश, सीटू उत्तराखंड के महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, राज्याध्यक्ष महेंद्र जखमोला, राज्य सचिव लेखराज,राज्य कोषाध्यक्ष मनमोहन रोतेला, जिला अध्यक्ष एस. एस. नेगी, जिला उपाध्यक्ष भगवान सिंह पयाल, जिला सचिव हिमांशु चौहान, जिला सचिव अभिषेक भंडारी, चमोली सीटू जिला कमेटी के अध्यक्ष रायेंद्र सिंह नेगी, जिला सचिव जितेंद्र मल, आशाओं की नेता शिवा दुबे, आंगनवाड़ी की राज्य महामंत्री चित्रकला तथा भोजन माताओं की नेत्री मोनिका सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीटू नेताओं ने कहा कि मजदूरों का यह महापड़ाव केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मानजनक जीवन की लड़ाई है। सरकार द्वारा वार्ता का आश्वासन दिया गया है। अब मजदूर सरकार से ठोस निर्णय और मांगों के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।
सीटू ने स्पष्ट किया कि मजदूरों की जायज मांगों पर यदि सकारात्मक और ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज ने बताया कि जब उनका प्रतिनिधि मंडल सचिवालय वार्ता हेतु पहुंचा तो पता चला कि वार्ता हेतु बैठक को स्थगित कर 23 नवंबर 2026 को रखी गई है जिससे आशा , आंगनवाड़ी व भोजनमाता के प्रतिनिधियों द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई जिस पर उन्होंने आंदोलन को जारी रखते हुए हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है।
और आने वाले विधान सभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बेदखल करेंगे ।

मजदूर एकता—जिंदाबाद! CITU—जिंदाबाद! हर हाथ को काम दो, काम का पूरा दाम दो!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *