श्याम टाइम्स देहरादून l सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान एक व्यक्ति के डूबने की सूचना पर एसडीआरएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान चलाया और लगभग 02 किलोमीटर दूर उसका शव बरामद कर लिया।
23 अगस्त रविवार को आपदा कंट्रोल देहरादून से सूचना प्राप्त हुई कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक व्यक्ति के पानी में बहने की सूचना है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम सहस्त्रधारा, एडिशनल एसआई मनोज जोशी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि एक व्यक्ति सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान पानी के तेज बहाव में डूब गया था। एसडीआरएफ टीम ने परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग अभियान शुरू किया।
लगातार सर्चिंग के बाद एसडीआरएफ जवानों ने उक्त व्यक्ति का शव सहस्त्रधारा झरने से लगभग 02 किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास बरामद कर लिया।
शव को बरामद करने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक की पहचान नौथ राम, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।