श्याम टाइम्स देहरादून/ हरिद्वार। कांवड़ मेला–2026 के दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की टीमें लगातार मुस्तैदी से तैनात हैं। इसी क्रम में आज कांगड़ा घाट, हरिद्वार में ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ जवानों ने त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई करते हुए गंगा की तेज धारा में बह रहे दो कांवड़ियों को सकुशल रेस्क्यू किया।
राहुल पुत्र सोमनाथ, उम्र 21 वर्ष, सेक्टर-19, चंडीगढ़ तथा अभिषेक पुत्र प्रदीप कुमार, उम्र 15 वर्ष, सेक्टर-19, चंडीगढ़, चंडीगढ़ से हरिद्वार कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने आए थे। दोनों कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राहुल का पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा।
राहुल को बहता देखकर उसका चचेरा भाई अभिषेक उसे बचाने के लिए गंगा में आगे बढ़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण राहुल ने अभिषेक को भी पकड़ लिया, जिससे दोनों ही गंगा की तेज धारा में बहने लगे।
घटना को देखकर घाट पर ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ जवानों की नजर दोनों कांवड़ियों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए तत्काल रेस्क्यू कार्रवाई शुरू की। उप निरीक्षक पंकज सिंह खरोला के नेतृत्व में एसडीआरएफ जवानों ने गंगा की तेज धारा में छलांग लगाते हुए दोनों कांवड़ियों तक पहुंच बनाई और अदम्य साहस एवं कुशल रेस्क्यू तकनीक का परिचय देते हुए दोनों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के उपरांत दोनों कांवड़ियों को सुरक्षित घाट पर लाया गया। दोनों कांवड़ियों एवं उनके परिजनों द्वारा एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई, साहस एवं तत्परता के लिए आभार व्यक्त करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया गया।
एसडीआरएफ द्वारा कांवड़ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
गंगा मैं बह गए दोनों बच्चों को बचाने वाली रेस्क्यू टीम में शामिल एसडीआरएफ के जवानों के नाम
देहरादूनl टीम प्रभारी – उप निरीक्षक पंकज सिंह खरोला, अपर उपनिरीक्षक प्रविंद्र धस्माना, अपर उप निरीक्षक आशिक अली,आरक्षी सुरेंद्र कुमार, शिवम, अंशुल पांडे,नितेश खेतवाल,अजय बोहरा,अजीत