श्याम टाइम्स देहरादूनl थाना मुनिकीरेती क्षेत्रांतर्गत गंगा नदी के बीच धारा में फंसे चार युवकों को मुनिकीरेती जल पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल रेस्क्यू किया गया।
चारों युवक थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र स्थित स्वर्गाश्रम घाट पर स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान उन्होंने नदी पार करने का प्रयास किया। नदी के बीच पहुंचने पर सभी युवक थक गए और सहायता के लिए आवाज लगाने लगे।
मुनिकीरेती पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोटर बोट के माध्यम से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए सभी युवक हरियाणा राज्य के निवासी हैं। पुलिस की इस त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई से एक संभावित दुर्घटना टल गई।
रेस्क्यू किए गए चारों युवकों एवं मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों द्वारा मुनिकीरेती जल पुलिस तथा वाटर रेस्क्यू टीमों का आभार व्यक्त किया गया।
वाटर रेस्क्यू टीमों द्वारा सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की गई है कि गंगा नदी में तैरकर नदी पार करने अथवा गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें। ऐसा करना आपके जीवन के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। गंगा नदी का जलस्तर एवं बहाव अचानक बदल सकता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अनुरोध है कि केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा स्नान के उपरांत अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करेंl