तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने के बाद एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन


श्याम टाइम्स देहरादूनl जनपद रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में आंधी, तूफान एवं वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलती ही केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान संचालित किया।

29 मई को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून से सूचना प्राप्त हुई कि तुंगनाथ क्षेत्र में एक समूह खराब मौसम के कारण फंस गया है तथा आकाशीय बिजली गिरने से कुछ लोग प्रभावित हुए हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी के निर्देशन में एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्रारंभिक राहत कार्य के दौरान अन्य एजेंसियों द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार हेतु 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेज दिया गया, जबकि दो अन्य व्यक्ति सुरक्षित पाए गए। वहीं आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई थी।

रात्रि के समय खराब मौसम, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र एवं लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबे कठिन पैदल मार्ग के बावजूद टीम ने अदम्य साहस एवं दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए चोपता से चंद्रशिला के लिए अभियान प्रारंभ किया। टीम ने रात्रि लगभग 23:00 बजे घटनास्थल तक पहुंच बनाकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया तथा कठिन मार्ग से नीचे लाकर चोपता पहुंचाया। टीम द्वारा शव को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

आकाश से बिजली गिरने से मौत का शिकार हुए युवक और उसकी चपेट में आए लोगों की सूची मृतक: अभिनव वाजपेई (19 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ।
घायल: अभिषेक बाजपेई (23 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ।
सुरक्षित: शुभम शुक्ला (25 वर्ष), पुत्र अनुज शुक्ला, निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश।
सुरक्षित: आजन मिश्रा (24 वर्ष), पुत्र नीतू मिश्रा, निवासी लखनऊ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!