रिलायंस ज्वैलरी डकैती का मास्टरमाइंड पटना से गिरफ्तार

9 नवंबर 2023 को देहरादून में हुई थी 14 करोड़ की लूट
राष्ट्रपति के दौरे के बीच फिल्मी अंदाज़ में हुई थी डकैती
मयूर गुप्ता

देहरादून/पटना। देहरादून के हृदय स्थल राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वैलरी शो-रूम में हुए 14 करोड़ के सनसनीखेज लूटकांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी कुंदन राम उर्फ़ भगत को बिहार एसटीएफ ने रविवार देर रात पटना के दीघा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। दो साल से फरार यह अपराधी बिहार, उत्तराखंड और यूपी में 47 से अधिक संगीन मुकदमों में वांछित था।
9 नवंबर 2023 को उत्तराखंड की 23वीं स्थापना दिवस परेड के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देहरादून पुलिस लाइन में परेड की सलामी ले रहे थे और पूरा शहर छावनी में तब्दील था। इसी बीच हथियारों से लैस एक दर्जन से अधिक डकैतों ने रिलायंस ज्वैलरी में धावा बोलकर कर्मचारियों को बंधक बनाया और करीब 14 करोड़ के सोने-हीरे के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे। एसएसपी अजय सिंह ने कई टीमें गठित कर 12 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया, मगर लूटे गए जेवरात बरामद नहीं हो पाए थे। मुख्य आरोपी कुंदन तबसे फरार था।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
बिहार एसटीएफ को सूचना मिली कि कुंदन दीघा के शिवाजी नगर स्थित एक निजी मकान में छिपा है। देर रात घेराबंदी कर कुंदन को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। कुंदन कई संगीन वारदातों में शामिल रहा है। एके-47 तस्करी मामले में उसका नाम आने पर एनआईए उसके मुजफ्फरपुर स्थित घर पर दो बार छापेमारी कर चुकी है। वह कुख्यात सुबोध गैंग से जुड़ा हुआ बताया जाता है।

उत्तराखंड पुलिस की हर चाल हुई नाकाम
दो वर्षों तक दून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ की कई टीमें कुंदन को ट्रैक करने में लगी रहीं लेकिन वह हर बार जाँच एजेंसियों से बच निकलता था। एसटीएफ का मानना है कि कुंदन से पूछताछ में 14 करोड़ की लूट, उसके नेटवर्क और जेवरातों की सप्लाई चैन को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!