-देर रात गांव से ही कुछ दूर झाड़ियों में मिला लहूलुहाल शव
-रिश्ते के चचेरे भाई के साथ बाइक से गई थी डॉक्टर के पास
विकासनगर : कोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर गांव में किशोरी का पहले गला रेता फिर पत्थरों से चेहरा कुचल दिया। उसका शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर झाड़ियों में मिला। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक ढालीपुर की 18 वर्षीय मनीषा पुत्री आनंद, एक डॉक्टर से इलाज करा रही थी। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे इंजेक्शन लगाने की बात कहकर रिश्ते का चचेरा भाई सुरेंद्र पुत्र छोटेराम उसे बाइक से विकासनगर डॉक्टर के पास लेकर गया। लेकिन साढ़े नौ बजे तक दोनों वापस नहीं आए। न ही उनका फोन मिल रहा था। परिजनों को चिंता हुई तो वह गांव के अन्य लोगों के साथ उन्हें ढूंढने निकले। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गांव से पहले आम के बगीचे के पास उन्हें सुरेंद्र की बाइक खड़ी मिली। आसपास देखा तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। मनीषा का लहूलुहान शव सड़क से अंदर झाड़ियों के पास पड़ा मिला। उसके पास खून से सना पाठल और खून से लगे पत्थर पड़े हुए थे। उसके गले, नाक और कान पर गहरे घाव थे। जबकि चेहरा पत्थरों से कुचला गया था। सुरेंद्र मौके से गायब मिला। तत्काल परिजनों और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मौके से पाठल और खून से सने पत्थर बरामद कर अपने कब्जे में ले लिए। शव को पोस्टमार्टम के लिए विकासनगर मोर्चरी में रखा है। उधर, सूचना पर एसएसपी अजय सिंह, एसपी विकासनगर पंकज गैरालो, सीओ भाष्कर लाल शाह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से मुलाकात कर पूछताछ की।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतका की पाठल से गला रेतकर और पत्थरों से चेहरा कुचलकर हत्या किया जाना प्रतीक हो रहा है। बताया कि चूंकि चचेरे भाई के साथ वह गई थी और वह मौके बाइक छोड़कर फरार है। इसलिए हत्या उसके द्वारा ही किया जाना लग रहा है। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।