श्याम टाइम्स देहरादून/ नई दिल्ली/ऋषिकेश। देशभर के संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय संपादक सम्मेलन 2026 आगामी 12, 13 एवं 14 सितंबर 2026 को श्री वृंदावन रिसोर्ट, ऋषिकेश में आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, सामाजिक सरोकारों, राष्ट्र निर्माण तथा सकारात्मक पत्रकारिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विमर्श करना है। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से समाचार पत्रों एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े संपादक, पत्रकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि तथा अन्य विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे।
तीन दिवसीय इस आयोजन में विचार-विमर्श, पैनल चर्चा, सम्मान समारोह, संवाद सत्र, योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम तथा आपसी सहयोग एवं नेटवर्किंग के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का विश्वास है कि यह सम्मेलन पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।साथ ही जीवन की भागदौड़ में से कुछ समय परिवार के साथ बिताने का एक निजी पल भी सबको उपलब्ध होगा।
आयोजकों ने देशभर के संपादकों, पत्रकारों एवं समाज जीवन से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों से इस राष्ट्रीय आयोजन में सहभागिता कर पत्रकारिता और राष्ट्र निर्माण के इस अभियान को सशक्त बनाने का आह्वान किया है।