श्याम टाइम्स देहरादूनl कांवड़ मेला–2026 के दृष्टिगत एसडीआरएफ की टीमें ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों (ऋषिकेश, मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला) के प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर निरंतर तैनात हैं। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीआरएफ की टीमें घाटों पर लगातार गश्त कर रही हैं तथा गंगा नदी के तेज बहाव एवं गहरे जल वाले क्षेत्रों में किसी भी श्रद्धालु अथवा कांवड़िये को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। जवान लगातार श्रद्धालुओं को नदी के बहाव वाले क्षेत्र से दूर रहने एवं किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, समय-समय पर लाउडहेलर के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, निर्धारित घाटों पर ही स्नान करने तथा गहरे एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करने की अपील की जा रही है।
एसडीआरएफ के कमान एड ने जानकारी देते हुए बताया कि एसडीआरएफ की टीम टीमें जल पुलिस एवं आपदा राहत दल के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से सुरक्षा एवं बचाव संबंधी दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ संवेदनशील घाटों पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कमांडेंट एसडीआरएफ द्वारा समस्त श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वह अपनी और अन्य कावड़ भाइयों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंl उन्होंने बताया कि गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं तेज बहाव को देखते हुए किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न लें तथा प्रशासन एवं सुरक्षा बलों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें। आपकी सतर्कता एवं सहयोग ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी कुंजी है।