सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में दो युवक लापता, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

 

श्याम टाइम्स देहरादून l 27 जून शनिवार को दोपहर लगभग 03:30 बजे जिला कंट्रोल रूम, पौड़ी से सूचना प्राप्त हुई कि थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत ऋषिकेश से लगभग 30 किलोमीटर दूर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए हैं।

सूचना के बाद सडीआरएफ पोस्ट ढालवाला एवं एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए छह युवकों का एक समूह सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना उनके साथियों द्वारा तत्काल जिला कंट्रोल रूम को दी गई। घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीमों द्वारा लगातार गहन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स द्वारा सभी संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जा रही है।

लापता युवकों के नाम और पते:-

देहरादूनl प्रेम, पुत्र हरीशचंद्र, निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली, आयु 26 वर्ष, राजन, पिता का नाम नामालूम निवासी संगम विहार, दिल्ली, आयु 24 वर्ष।

वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है तथा पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी का पानी अत्यधिक मटमैला हो गया है। प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान में कठिनाइयाँ आ रही हैं। इसके बावजूद एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है।

 

एसडीआरएफ देखने की पर्यटकों और श्रद्धालु से अपील वर्षा के कारण गंगा नदी में स्नान न करें

देहरादूनl एसडीआरएफ उत्तराखंड समस्त श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील करता है कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही वर्षा के कारण गंगा एवं अन्य नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है तथा पानी अत्यधिक मटमैला एवं तेज बहाव वाला हो जाता है। ऐसी स्थिति में नदी के भीतर अथवा असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने का प्रयास न करें। केवल अधिकृत एवं सुरक्षित पक्के घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्डों एवं सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *