उपस्थित आमजन को स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने आसपास के लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने की दिलाई शपथ
श्याम टाइम्स देहरादूनl वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमिंदर सिंह डोभाल द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में आम जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों तथा उससे बचाव के उपाय के संबंध में जागरूक किये जाने हेतु जागरूकता अभियान चलाये जाने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार 4 अक्टूबर को कोतवाली नगर देहरादून में पुलिस द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा थाने में उपस्थित आमजन को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
पुलिस द्वारा आमजन को विश्वास दिलाया गया कि नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।