सेवा संकल्प अभियान के तहत कैंट विधानसभा में 29 सितम्बर को बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर

साधूराम इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होगा शिविर, विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल

श्याम टाइम्स देहरादून। शासन के निर्देशों के क्रम में जनसामान्य को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में “सेवा संकल्प अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, चिकित्सा शिविर, बहुउद्देशीय शिविर तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 29 सितम्बर  को विधानसभा क्षेत्र कैंट में बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर पूर्वाह्न 09 बजे साधूराम इंटर कॉलेज मैदान, कैंट, देहरादून में आयोजित होगा। शिविर की अध्यक्षता मा० विधायक, विधानसभा क्षेत्र कैंट द्वारा की जाएगी।
शिविर में जनसामान्य को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर आवश्यक सेवाओं से लाभान्वित किए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों को अपने-अपने विभागीय स्टॉल स्थापित करने तथा विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं, समाज कल्याण विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा कृषक हित से संबंधित योजनाओं, पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं, उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं, सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार संबंधी जानकारी तथा अन्य विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त ई-डिस्ट्रिक्ट, बैंकिंग, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, लोक निर्माण, पर्यटन, वन, पंचायत, ग्रामीण विकास, एनआरएलएम/रीप, मत्स्य, आपदा प्रबंधन, सैनिक कल्याण, पूर्ति, श्रम, आयुर्वेद एवं यूनानी सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्टॉल लगाए जाएंगे।
नगर मजिस्ट्रेट राकेश चन्द्र तिवारी को शिविर के लिए नोडल अधिकारी तथा सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम एवं नायब तहसीलदार सदर को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय पर शिविर स्थल पर उपस्थित होकर विभागीय स्टॉल स्थापित करें तथा आमजन को योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्ध सेवाओं का लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *