श्याम टाइम्स देहरादूनl दिव्यांगजनों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से देहरादून में जॉइंट मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही
दिव्यांगजनों की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रभावी निराकरण तथा उन्हें उनके अधिकारों और विधिक संरक्षण तक सुगम पहुँच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज देहरादून में आयुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार एवं आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान में जॉइंट मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही की गई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सचिव, समाज कल्याण, उत्तराखण्ड शासन, डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार, श्री एस गोविन्दराज, उप आयुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार, श्री विकास त्रिवेदी, आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तराखण्ड, श्री सुंदरलाल सेमवाल (पी सी एस), समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जॉइंट मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही रेड फॉक्स होटल , राजपुर रोड, देहरादून में की गई, जिसमें दिव्यांगजनों द्वारा प्रस्तुत 32 प्रकरणों की सुनवाई की गई। दिव्यांगजन शिकायतकर्ताओं द्वारा व्यक्तिगत तथा जनपदों से ऑनलाइन रूप से उपस्थित होकर माननीय न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखा गया।
विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतों की हुई सुनवाई
जॉइंट मोबाइल कोर्ट के समक्ष प्राप्त 32 प्रकरणों में दिव्यांगजनों के अधिकारों, सरकारी सेवाओं तक पहुँच तथा विभिन्न विभागीय सुविधाओं से संबंधित शिकायतें शामिल हैं।
इनमें दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं UDID कार्ड से संबंधित समस्याएँ, प्रमाण-पत्र में आवश्यक संशोधन, दिव्यांगता की श्रेणी/प्रतिशत से संबंधित विषय तथा UDID से जुड़ी कठिनाइयाँ शामिल हैं।
इसी प्रकार सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न लाभों की उपलब्धता, सहायक उपकरण प्राप्त करने,एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से संबंधित प्रकरण भी सुनवाई के लिए प्रस्तुत किए गए।
शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मामलों में दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधाओं, परीक्षा एवं प्रवेश से संबंधित समस्याओं, सरकारी सेवाओं में आरक्षण, पदोन्नति तथा सेवा संबंधी अधिकारों से जुड़े प्रकरण सामने आए। कुछ शिकायतों में कार्यस्थल पर भेदभाव एवं दिव्यांगता के आधार पर उचित सुविधा उपलब्ध न होने के विषय भी रखे गए।