श्याम टाइम्स देहरादूनl हरिद्वार में संचालित कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान एसडीआरएफ उत्तराखण्ड की टीम ने अपनी सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं पेशेवर रेस्क्यू कौशल का परिचय देते हुए 31 जुलाई शुक्रवार को कांगड़ा घाट पर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में गंगा नदी में डूब रहे दो युवकों को सकुशल बचाकर उनकी जान बचाई।
प्रथम घटना में सुधीश ठाकुर पुत्र अमर सिंह (18 वर्ष), निवासी ग्राम मदगुआँ, जनपद झांसी (उत्तर प्रदेश) गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। घाट पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर युवक तक पहुँच बनाई तथा सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
दूसरी घटना में राहुल पुत्र ओमेय (28 वर्ष), निवासी ग्राम डोला, जनपद बागपत (उत्तर प्रदेश) भी स्नान के दौरान गहरे पानी एवं तेज धारा में फंसकर डूबने लगा। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
रेस्क्यू के उपरांत दोनों युवकों ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके साहस, त्वरित कार्रवाई एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने रेस्क्यू में शामिल जवानों की तत्परता एवं पेशेवर दक्षता की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों से अपील की कि गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, गहरे पानी एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ अथवा पुलिस कर्मियों से सहायता प्राप्त करें।